सुविधाओं का सैलाब और रूह की मौत
एक ऐसी कहानी, जो चूहों से शुरू हुई… और इंसानियत तक जा पहुँची।
अगर किसी मख़्लूक़ (जीव) को हर सुविधा दे दी जाए — वाफ़िर (प्रचुर) भोजन, सुरक्षित आवास, सुकून और कोई ख़तरा न हो — तो क्या वह हमेशा खुशहाल और विकसित रहेगी?
यह सवाल जीवविज्ञान के एक अमेरिकी विशेषज्ञ जॉन कल्हून ने 1970 में चूहों पर एक चौंकाने वाला प्रयोग करके दुनिया के सामने रखा था।
कल्हून ने एक आदर्श वातावरण (Ideal Environment) तैयार किया; खाने-पीने की कोई कमी नहीं, रहने की जगह बहुत बड़ी और कोई दुश्मन नहीं। वहाँ उन्होंने चूहों के केवल चार जोड़े छोड़े।
कुछ ही समय में उनकी आबादी तेज़ी से बढ़ी। अमन, आराम और सुविधाओं से भरपूर इस "जन्नत" में हर चीज़ मुकम्मल (पूर्ण) थी… मगर फिर कुछ अजीब होने लगा।
315 दिन बाद:
प्रजनन (बच्चे पैदा करने) की दर कम होने लगी, सामाजिक ढांचा बिगड़ने लगा, चूहों में हिंसा, अकेलापन (गौशानीशीनी), मानसिक बीमारी, बच्चों को छोड़ देना और यहाँ तक कि एक-दूसरे को खाने जैसे व्यवहार पैदा होने लगे।
कुछ चूहे पूरी तरह से बेमक़सद ज़िंदगी जीने लगे — न कोई लड़ाई, न कोई रिश्ता, न वंश बढ़ाना… बस खाते, सोते और वक्त गुज़ारते।
और फिर:
सब कुछ होते हुए भी यह आदर्श दुनिया तबाह हो गई।
किसी ने हमला नहीं किया, कोई आफ़त (आपदा) नहीं आई, कोई कमी नहीं हुई — बस जीने का मक़सद ख़त्म हो गया।
आख़िरी चूहा 2 साल बाद पैदा हुआ… और फिर मौत के सिवा कुछ न बचा।
यह प्रयोग 25 बार दोहराया गया, और हर बार नतीजा वही था:
सुविधाओं से भरा समाज, बिना मक़सद की ज़िंदगी और फिर मुकम्मल तबाही।
सोचने की बात है कि:
क्या सिर्फ सुविधाएँ, ऐशो-आराम और सुरक्षा ही इंसान या समाज की कामयाबी की गारंटी हैं?
या हमें जीने के लिए एक "मक़सद", एक "जद्दोजहद" (संघर्ष) और कुछ चुनौतियों की ज़रूरत होती है?
अल्लाह तआला फ़रमाता है:
"और अगर अल्लाह अपने बंदों के लिए रिज़्क़ (आजीविका) कुशादा (असीमित) कर देता, तो वे ज़रूर ज़मीन में सरकशी (विद्रोह/उत्पात) करने लगते, लेकिन वह एक अंदाज़े के साथ (यानी जितना मुनासिब हो) नाज़िल फ़रमाता है, जैसा वह चाहता है।"
[सूरह अश्-शूरा: 27]
ज़िंदगी सिर्फ आराम का नाम नहीं… बल्कि ज़िम्मेदारी, क़ुर्बानी और जद्दोजहद (संघर्ष) का नाम है।
जिस समाज से यह सब ख़त्म हो जाए, वह कितना भी आरामदायक क्यों न हो… वह अंदर से मरना शुरू हो जाता है।
दुनिया में मुश्किलें, कमी और संघर्ष असल में इंसान को संतुलित, मज़बूत और ज़िंदा रखते हैं। आसानी (सुविधा) अगर बेकाबू हो जाए, तो वह तबाही का दरवाज़ा खोल देती है।