https://islamictube.in/new_site/public/images/news_images/6463_2026-10-29_islamictube.jpg

सिंध में एंबुलेंस बनी मौत का सबब

पाकिस्तान के सिंध में दर्दनाक हादसा: एंबुलेंस में फटा ऑक्सीजन सिलेंडर, प्रसूता समेत 10 लोगों की मौत

पाकिस्तान के सिंध प्रांत में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसे में 10 लोगों की जान चली गई। थारपारकर जिले के नगरपारकर इलाके में मरीज को अस्पताल ले जा रही एंबुलेंस के अंदर ऑक्सीजन सिलेंडर फट गया। धमाके के बाद एंबुलेंस में आग लग गई, जिसकी चपेट में आकर एक महिला समेत 10 लोगों की मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने जांच के आदेश दिए हैं।

कैसे हुआ हादसा?

पुलिस के मुताबिक, एंबुलेंस में सवार महिला ने बच्चे को जन्म दिया था, लेकिन उसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई। उसे बेहतर इलाज के लिए दानो ढांढल के बेसिक हेल्थ सेंटर से मीठी शहर के जिला अस्पताल ले जाया जा रहा था। रास्ते में एंबुलेंस के अंदर ऑक्सीजन सिलेंडर में विस्फोट हो गया। हादसा इतना भयानक था कि एंबुलेंस में सवार कई लोगों की जान चली गई। मृतकों में वह महिला भी शामिल है।

पुलिस ने क्या बताया?

थारपारकर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) आरिफ अजीज जाफरी ने हादसे की पुष्टि की और बताया कि अब तक 10 लोगों की मौत की जानकारी मिली है।

शुरुआती जानकारी के अनुसार, एंबुलेंस का ड्राइवर वाहन के अंदर ऑक्सीजन सिलेंडर को एक जगह से दूसरी जगह कर रहा था। इसी दौरान सिलेंडर में विस्फोट हो गया।

सिलेंडर फटने की सटीक वजह अभी स्पष्ट नहीं है।

जांच जारी

पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही साफ होगा कि विस्फोट किन परिस्थितियों में हुआ और इसके लिए कोई लापरवाही जिम्मेदार थी या नहीं। फिलहाल 10 लोगों की मौत की ही पुष्टि हुई है।