नेपाल के माउंट एवरेस्ट क्षेत्र में मंगलवार सुबह बड़ा हादसा हुआ। अधिकारियों के मुताबिक, सोलुखुम्बू जिले के फेरिचे में लैंडिंग के दौरान दो छोटे हेलीकॉप्टर आपस में टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गए। हादसे में एक यात्री की मौत हुई है।
क्या हुआ?
पुलिस ने AFP को बताया कि दोनों हेलीकॉप्टर एक साथ लैंड करने की कोशिश कर रहे थे, तभी वे टकरा गए।
सोलुखुम्बू जिला पुलिस प्रभारी नवीन राजा बुढाथोकी के मुताबिक, एक विदेशी नागरिक की मौके पर ही मौत हो गई और एक घायल व्यक्ति को अस्पताल ले जाया गया।
प्रत्यक्षदर्शी अधिकारियों के अनुसार, मृतक फिशटेल एयर का यात्री था और पायलट को भी चोटें आई हैं। अधिकारी अभी जानकारी जुटा रहे हैं।
वीडियो में दिखा मंजर
सोशल मीडिया पर आए वीडियो में कुछ लोग हेलीकॉप्टर के उतरने का इंतजार करते दिखते हैं। तभी अचानक दो हेलीकॉप्टर आते हैं और आपस में टकरा जाते हैं। दोनों के परखच्चे उड़ जाते हैं और वे जमीन पर गिर पड़ते हैं, जिससे आसपास खड़े लोगों में अफरा-तफरी मच जाती है।
हिमालयी इलाकों में हेलीकॉप्टर क्यों अहम?
नेपाल में पर्यटकों, पर्वतारोहियों और जरूरी सामान को पहुंचाने के साथ-साथ आपात स्थितियों में भी छोटे हेलीकॉप्टरों का बड़े पैमाने पर इस्तेमाल होता है। हालांकि वहां की भौगोलिक परिस्थितियों और खराब मौसम में इन्हें उड़ाना चुनौतीपूर्ण रहता है।