https://islamictube.in/new_site/public/images/news_images/6711_2026-11-04_islamictube.jpg

Rajasthan Railway Track Blast: श्रीगंगानगर में रेलवे ट्रैक पर भीषण धमाका; 45 मिनट पहले ही गुजरी थी पैसेंजर ट्रेन, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट

श्रीगंगानगर (राजस्थान): राजस्थान के सीमावर्ती जिले श्रीगंगानगर में मंगलवार रात एक बड़ा रेल हादसा होते-होते टल गया। अनूपगढ़-सूरतगढ़ रेल मार्ग पर रात करीब 9:45 बजे एक जोरदार धमाका हुआ, जिससे रेलवे ट्रैक को नुकसान पहुंचा है। गनीमत यह रही कि धमाके से महज 45 मिनट पहले ही इस ट्रैक से एक पैसेंजर ट्रेन गुजरी थी। विस्फोट की आवाज करीब 200 मीटर दूर तक सुनाई दी, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सुरक्षा के मद्देनजर इस रूट की 4 ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है और जांच एजेंसियों ने मौके पर पहुंचकर तफ्तीश शुरू कर दी है।

धमाके से ट्रैक के नीचे हुआ 2 फीट गहरा गड्ढा

पुलिस के अनुसार, विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि रेलवे ट्रैक के नीचे लगे सीमेंट के दो ब्लॉक (स्लीपर) पूरी तरह से चकनाचूर हो गए और पटरियों के बीच करीब दो फीट गहरा गड्ढा बन गया। रामसिंहपुर के सर्किल इंस्पेक्टर राम प्रताप ने बताया कि मंगलवार रात 8:30 बजे अनूपगढ़ जंक्शन से सूरतगढ़ के लिए एक पैसेंजर ट्रेन रवाना हुई थी। रात करीब 9:00 बजे यह ट्रेन 50 जीबी (50 GB) गांव के पास से गुजरी और ठीक 45 मिनट बाद उसी स्थान पर यह धमाका हो गया।

ग्रामीणों की सूचना पर दौड़ा प्रशासन, देर रात पहुंचीं जांच एजेंसियां

धमाके की तेज आवाज सुनकर 200 मीटर दूर स्थित ढाणी (बस्ती) के ग्रामीण तुरंत ट्रैक की ओर दौड़े। क्षतिग्रस्त पटरी देखकर उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद रात 11 बजे पुलिस और रेलवे के अधिकारी मौके पर पहुंचे।

मामले की गंभीरता को देखते हुए देर रात करीब 2:00 बजे इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) और सीआईडी (CID) की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं। इसके कुछ ही देर बाद रात 2:15 बजे एंटी-टेररिस्ट स्क्वॉड (ATS) के एडिशनल एसपी सुरेंद्र कुमार ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।

श्रीगंगानगर के एसपी हरिशंकर ने कहा, "धमाके की तीव्रता क्या थी और रेलवे ट्रैक को नुकसान पहुंचाने की इस साजिश के पीछे किसका हाथ है, इसकी गहनता से जांच की जा रही है। फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम मौके से साक्ष्य जुटा रही है।" एहतियात के तौर पर बुधवार सुबह 9 बजे तक इस लाइन पर रेल यातायात पूरी तरह बंद रखा गया और रूट पर चलने वाली चार ट्रेनों को रद्द करना पड़ा।

बड़ी साजिश की आशंका: अक्टूबर में भी पकड़ा गया था RDX और हथियारों का जखीरा

पाकिस्तान की सीमा से सटे श्रीगंगानगर जिले में हुई इस घटना को सुरक्षा एजेंसियां हल्के में नहीं ले रही हैं। गौरतलब है कि इसी साल अक्टूबर में सुरक्षा एजेंसियों ने जिले के रावला मंडी इलाके से हथियारों और विस्फोटकों का एक बड़ा जखीरा बरामद किया था।

उस कार्रवाई में 7.750 किलोग्राम आरडीएक्स (RDX), 'मेड इन तुर्की' लिखी दो जिगाना पिस्तौल, चार मैगजीन, करीब 867 जिंदा कारतूस, पांच बैटरियां और दो रिमोट कंट्रोल जब्त किए गए थे। जांच में सामने आया था कि यह खेप पाकिस्तान की तरफ से ड्रोन के जरिए भारतीय सीमा में गिराई गई थी। अब रेलवे ट्रैक पर हुए इस धमाके को भी किसी बड़ी साजिश की कड़ी के रूप में जोड़कर देखा जा रहा है।