अनियंत्रित ट्रक ने राहगीरों और स्कूटी सवार को कुचला
खूंटी (झारखंड): झारखंड के खूंटी जिले में एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। यहां कर्रा थाना क्षेत्र के अंतर्गत कर्रा-तोरपा मुख्य मार्ग पर 18 पहियों वाले एक तेज रफ्तार ट्रक ने अनियंत्रित होकर सड़क किनारे चल रहे लोगों और एक स्कूटी सवार को बुरी तरह रौंद दिया। इस भीषण हादसे में 3 मासूम बच्चों और 3 महिलाओं समेत कुल 7 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार ट्रक चालक की तलाश में जुट गई है।
6 लोगों ने मौके पर ही तोड़ा दम, पेड़ से टकराकर रुका ट्रक
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, 18 चक्का ट्रक की रफ्तार इतनी अधिक थी कि चालक ने उस पर से अपना नियंत्रण खो दिया। बेकाबू ट्रक राहगीरों और एक स्कूटी सवार को कुचलते हुए सड़क किनारे झाड़ियों में जा घुसा और एक पेड़ से टकराकर रुक गया।
हादसा इतना भयावह था कि 6 लोगों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि एक गंभीर रूप से घायल व्यक्ति की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतकों में तीन बच्चे, तीन महिलाएं और एक स्कूटी चालक शामिल हैं। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और राहगीरों ने तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी।
इलाके में भारी आक्रोश, ट्रक जब्त कर पुलिस ने शुरू की नाकाबंदी
खूंटी के पुलिस अधीक्षक (SP) ऋषभ गर्ग ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही कर्रा थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला। हादसे की खबर सुनते ही मृतकों के परिजन भी घटनास्थल पर पहुंच गए, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है। इस दर्दनाक घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है और परिजनों ने आरोपी चालक की जल्द से जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
एसपी ऋषभ गर्ग के अनुसार, पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को जब्त कर लिया है और सभी सातों शवों को मोर्चरी में रखवाया गया है, जहां पोस्टमार्टम के बाद उन्हें परिजनों को सौंप दिया जाएगा।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस, नशे या झपकी की आशंका
हादसे के बाद से ही आरोपी ट्रक ड्राइवर मौके से फरार है। उसे पकड़ने के लिए पुलिस ने इलाके में नाकाबंदी कर दी है और संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। इसके अलावा, ड्राइवर की पहचान करने के लिए पुलिस घटनास्थल से पहले के मार्गों पर लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी चालक की गिरफ्तारी के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि हादसा नशे की हालत में गाड़ी चलाने की वजह से हुआ या फिर ड्राइवर को नींद की झपकी आने से ट्रक बेकाबू हो गया।