https://islamictube.in/new_site/public/images/news_images/1186_2026-11-01_islamictube.webp

रामलीला मैदान में INDIA गठबंधन का शक्ति प्रदर्शन

दिल्ली के रामलीला मैदान में रविवार को INDIA गठबंधन की महारैली हुई। मंच से कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव, CPI(M) महासचिव एमए बेबी और नेशनल कॉन्फ्रेंस प्रमुख फारूक अब्दुल्ला ने मोदी सरकार और चुनाव आयोग पर हमला बोला और लोकतंत्र, संविधान और वोट के अधिकार की रक्षा के लिए एकजुट होने का आह्वान किया।

खरगे: "जब तक ज्ञानेश कुमार इस्तीफा नहीं देंगे, चुप नहीं बैठेंगे"

खरगे ने मुख्य चुनाव आयुक्त पर सीधा हमला करते हुए आरोप लगाया कि मोदी और शाह ने युवाओं, महिलाओं और दलितों के वोट छीनने की कोशिश की है। उन्होंने कहा, "वे ज्ञानेश कुमार के जरिए लोगों के वोट डिलीट करवा रहे हैं। हम उन्हें पद से हटाने के लिए ही यहां एकजुट हुए हैं। नरेंद्र मोदी चाहे लाख कोशिश कर लें, जब तक ज्ञानेश कुमार इस्तीफा नहीं देंगे, हम अपनी लड़ाई जारी रखेंगे।"

तेजस्वी यादव: "यह लड़ाई वोटरों और चीटरों के बीच है"

तेजस्वी ने भाजपा और RSS पर निशाना साधते हुए कहा कि आजादी की लड़ाई में भूमिका न निभाने वाले आज देशभक्ति के सर्टिफिकेट बांट रहे हैं और अब वही तय कर रहे हैं कि कौन वोट देगा और कौन नहीं। उन्होंने इसे ईमानदार वोटरों और व्यवस्था में सेंध लगाने वाले "चीटरों" के बीच की लड़ाई बताया।

एमए बेबी: "मोदी असत्य के महाराजा"

CPI(M) के राष्ट्रीय महासचिव एमए बेबी ने प्रधानमंत्री को "असत्य का महाराजा" बताते हुए कहा कि वे महिलाओं और किसानों समेत सभी से झूठ बोलते हैं। उन्होंने कहा कि देश में फासीवाद नहीं चलेगा और "वोट चोरी" रोकने व संविधान की रक्षा के लिए सबको मिलकर लड़ना होगा।

फारूक अब्दुल्ला: "कोई भारतीय वोट से वंचित न रहे"

फारूक अब्दुल्ला ने कहा कि भारत में रहने वाला हर व्यक्ति भारतीय है और संविधान में सब बराबर हैं। उन्होंने कहा कि संघर्ष इसलिए करना होगा ताकि कोई नागरिक वोट के अधिकार से वंचित न रहे। उनके मुताबिक, अगर कोई प्रांत तरक्की में पीछे रहेगा तो देश मजबूत नहीं हो सकता, और "जम्मू-कश्मीर कल भी भारत का था और आगे भी रहेगा।"