अमेरिका के फ्लोरिडा में रविवार को एक भीषण विमान हादसे में प्राइवेट जेट में सवार पायलट समेत सभी 9 लोगों की मौत हो गई। विमान दक्षिण फ्लोरिडा के एक रिहायशी इलाके में सड़क के पास क्रैश हुआ, जिसके बाद उसमें भीषण आग लग गई और जोरदार धमाका हुआ। अमेरिकी परिवहन मंत्री सीन डफी ने सभी 9 लोगों की मौत की पुष्टि की है।
कैसे हुआ हादसा?
लियरजेट 60 विमान ने टेक्सास के ऑस्टिन-बर्गस्ट्रॉम इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ान भरी थी और वह बहामास जा रहा था।
उड़ान के दौरान विमान अचानक नीचे गिरा और रिहायशी इलाके में सड़क के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
टक्कर से सड़क पर आग का बड़ा गड्ढा बन गया और काला धुआं दूर तक दिखा।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक विमान घरों से कुछ ही दूरी पर गिरा। शुरुआती जानकारी में सीधे किसी घर पर गिरने की बात सामने नहीं आई है।
कारों में बैठे लोगों ने विमान को तेजी से गिरते और आग के गोले में बदलते हुए कैमरे में कैद किया।
घटनास्थल का हाल
हादसा पाम बीच काउंटी में मिलिट्री ट्रेल और 10वीं एवेन्यू नॉर्थ के पास हुआ। शेरिफ कार्यालय ने दोनों दिशाओं में सड़कें बंद कर लोगों से दूर रहने की अपील की। दमकलकर्मी और आपातकालीन टीमें तुरंत पहुंचीं। पास में काम करने वाली एक महिला के मुताबिक इलाके में करीब दो घंटे तक बिजली गुल रही।
जांच
FAA की एक टीम NTSB की जांच में सहयोग के लिए भेजी जा रही है।
हादसे की वजह अभी पता नहीं चली है और मृतकों की पहचान भी सार्वजनिक नहीं हुई है।
ऑस्टिन-बर्गस्ट्रॉम एयरपोर्ट के प्रवक्ता जिम रेनॉल्ड्स के अनुसार विमान निजी था और उसका टेल नंबर N722BD बताया गया है।