लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर पलटवार करते हुए उन्हें खुली बहस की चुनौती दी। यह जवाब प्रधानमंत्री के उस आरोप पर आया है, जिसमें उन्होंने विपक्ष पर देश को अस्थिर करने के लिए विदेशी मदद लेने की ओर इशारा किया था।
राहुल गांधी ने क्या कहा?
X पर पोस्ट में राहुल ने लिखा, "मोदीजी, देश से झूठ बोलना बंद कीजिए। आप विदेशी मदद से प्रधानमंत्री बने और विदेशी मदद से ही प्रधानमंत्री बने हुए हैं। आपकी आर्थिक व्यवस्था पूरी तरह विदेशियों के नियंत्रण में है और उसे उनका समर्थन हासिल है। विदेशी सोशल मीडिया पूरी तरह से आपके साथ खड़ा है।"
उन्होंने चुनौती दी, "मैं आपको इस मुद्दे पर खुली बहस की चुनौती देता हूं। कोई भी मंच, किसी भी समय। हिम्मत है तो आइए। आप नहीं आएंगे, क्योंकि जो मैं आपके बारे में जानता हूं, आप उससे डरते हैं।"
पीएम मोदी ने शनिवार को क्या आरोप लगाए थे?
गुजरात यात्रा के दौरान मोदी ने कहा था कि भारत-विरोधी ताकतें देश को बांटने की कोशिश कर रही हैं और अफवाहें फैलाने के लिए सोशल मीडिया का इस्तेमाल हो रहा है।
"जब देश बाहरी चुनौतियों का समाधान तलाश रहा है, तब देश के भीतर भी कुछ ताकतें झूठ और अफवाह फैलाकर अस्थिरता पैदा कर रही हैं। लेकिन देशवासियों ने एकजुट होकर राष्ट्र का साथ दिया है।"
विपक्ष 'विरोध पक्ष' की जगह 'अवरोध पक्ष' बन गया है और हताशा में विकास के रास्ते में बाधाएं खड़ी कर रहा है।
विपक्ष संविधान की मर्यादाओं को तार-तार करने में लगा है।
राहुल गांधी की विदेश यात्राओं की ओर इशारा करते हुए उन्होंने कहा, "विदेश में कौन चुपके से किससे मिल रहा है? भारत-विरोधी ताकतें किसका समर्थन कर रही हैं? कौन भारत के दुश्मनों की भाषा बोल रहा है? हमें इन सभी तौर-तरीकों को पहचानना होगा।"